पंडित प्रदीप मोदी (साहित्यकार/स्वतंत्र पत्रकार)9009597101

क्षिप्रा पुल से छलांग लगाकर डूबने की कोशिश करने वाली युवती को बचाकर लाने वाले युवक टीपू को देवास पुलिस अधीक्षक शिवदयाल सिंह ने प्रशस्ति पत्र एवं पांच हजार रुपए ईनाम देकर सम्मानित किया। देवास एसपी ने बहुत ही प्रशंसनीय कार्य किया है, वे बधाई के पात्र हैं। शायद यह पहला मौका है, जब कोई डूबने के लिए क्षिप्रा में कूदा और उसे जिंदा बचा लिया गया, अन्यथा क्षिप्रा में से लाशें ही निकलती रही हैं। युवती को बचाने वाले युवक टीपू को भी बहुत बहुत धन्यवाद, उसने एक जान बचाकर प्रेरणादायक काम किया है, वरना असंवेदनशील लोग ऐसे मौकों पर वीडियो ही बनाते रहते हैं। देवास को स्पर्श कर गुजरने वाली पौराणिक नदी क्षिप्रा, नेशनल हाईवे नंबर 3 पर इंदौर देवास जिले को बांटती हैं। क्षिप्रा इस पार का हिस्सा देवास जिले के थाने औद्योगिक क्षेत्र के अंतर्गत आता है और उस पार का हिस्सा इंदौर जिले के क्षिप्रा थाना अन्तर्गत आता है। विडंबना है कि दोनों जिलों को बांटने वाली पौराणिक नदी क्षिप्रा का पुल सोसाइड पाइंट बन चुका है, यहां अनेक आत्महत्या की घटनाएं हुई हैं, यह पहला मौका है, जब आत्महत्या का प्रयास करने वाले को बचा लिया गया है और बचाने वाला कोई शासकीय प्रशासकीय अमला नहीं,
अपितु एक आम आदमी है, उस आम आदमी की होंसला आफजाई करके देवास एसपी शिवदयाल सिंह ने वाकई प्रशंसनीय कार्य किया है। यहां देवास पुलिस अधीक्षक शिवदयाल सिंह को युवती की जान बचाने वाले युवक टीपू के सम्मान से भी आगे सोचने की आवश्यकता है, उल्लेखनीय है क्षिप्रा नदी का पुल सोसाइड पाइंट के रूप में कुख्यात हो गया है, आए दिन ऐसी घटनाएं होती रहती हैं, इसलिए क्षिप्रा गांव के ही टीपू जैसे बच्चों को संसाधनों से लैस कर जिम्मेदारी सौंपने की दिशा में विचार किया जाना चाहिए। प्रयास किए जाना चाहिए कि क्षिप्रा गांव के युवकों को ही प्रोत्साहित कर जिम्मेदार बनाया जाए, ताकि भविष्य में कीमती जानों को बचाया जा सके। देवास एसपी को प्रेरणादायी कार्य के लिए पुनः बधाई।
************
