✍️सरदार पाटीदार, सरदारपुर 9753214250
सरदारपुर – मंगलवार को ग्राम पंचायत बोडिया के पंचों ने लामबंद होकर सरपंच रेखा बाई तथा उसके पति जगदीश वसुनिया द्वारा मनरेगा मद तथा 15वा वित्त की राशि से स्वीकृत समस्त निर्माण कार्यों में भारी भ्रष्टाचार करने की शिकायत दर्ज कराते हुए पंचायत निर्वाचन वर्ष 2022 मे 15 अगस्त के बाद से ग्राम पंचायत में ग्राम सभा एवं अन्य बैठक आयोजित नहीं करने की गंभीर आरोप लगाए हैं। पंचाे ने एसडीएम कार्यालय सरदारपुर पहुंच कर एसडीएम प्रतिनिधि एवं जनपद सीईओ प्रभात कुमार द्विवेदी को 6 सूत्री शिकायतों के संबंध में आवेदन सौपकर जांच की मांग की है। आवेदन में बताया कि सरपंच प्रतिनिधि जगदीश वसुनिया द्वारा ग्राम पंचायत में समस्त निर्माण कार्य किया जाकर फर्जी बिल भुगतान किये जा रहे हैं। सरपंच प्रतिनिधि द्वारा बगैर वरिष्ठ अधिकारियों से आदेश प्राप्त कर ग्राम पंचायत मुख्यालय गोंदीखेड़ा चारण के प्रतीक्षालय भवन पर कार्यालय संचालित किया जा रहा है। सरपंच द्वारा बगैर किसी ठहराव प्रस्ताव के निर्माण कार्य किया जाकर धांधली की जा रही है। सरपंच रेखा बाई के हस्ताक्षर के स्थान पर सरपंच प्रतिनिधि जगदीश वसुनिया द्वारा फर्जी तरीके से सभी शासकीय दस्तावेजों बिल वाउचर कैश बुक पर हस्ताक्षर किए जाते हैं। 15 अगस्त 2022 से 19 दिसंबर 2023 तक की अवधि में ग्राम पंचायत में किए गए समस्त कार्यों की जांच की मांग की गई एवं उचित कार्रवाई नहीं होने पर पंचों द्वारा त्यागपत्र देने की भी चेतावनी दी गई है। इस दौरान ग्रामपंचायत बोड़िया के पंच प्रभुलाल चारण, प्रकाश चारण, श्रीमती रुक्मणी ललित चारण, गंगाबाई कैलाश निनामा, संतोषी बाई कैलाश बाबर, सोवनी बाई नानूराम मेडा, मोहन भूरिया, अमरसिंह मेडा, भंवरसिंह मेडा, गोपाल डामर, सुखराम डामर, मोहन निनामा, अंजुड़ी नंदराम चारकोटा आदि ग्रामीणजन मौजूद थे।
