पंडित प्रदीप मोदी _(साहित्यकार/स्वतंत्र पत्रकार)_ 9009597101

देवास जिले की सोनकच्छ विधानसभा सीट आरक्षित सीट है और यहां से कांग्रेस नेता सज्जन वर्मा का हारना-जीतना चलता रहता है, वर्तमान में सज्जन वर्मा ही यहां से विधायक हैं। सन् अस्सी के दशक से कांग्रेस नेता सज्जन वर्मा इस विधानसभा क्षेत्र में अपनी पेठ जमाए हुए हैं, लेकिन वे कभी अपराजेय नहीं रहे हैं। पिछली बार भारतीय जनता पार्टी, पूर्व विधायक राजेंद्र वर्मा का टिकट बदल देती तो शायद सज्जन वर्मा आज विधायक ही नहीं होते। कहा जा सकता है सज्जन वर्मा विकल्प के अभाव में विधायक बने हैं, यदि भाजपा सोनकच्छ विधानसभा क्षेत्र की जनता के सामने तत्कालीन विधायक राजेंद्र वर्मा का विकल्प प्रस्तुत कर देती तो परिणाम कुछ और होते, क्योंकि कांग्रेस एवं सज्जन वर्मा से ज्यादा नाराज क्षेत्र की जनता, राजेंद्र वर्मा से थी। चूंकि सोनकच्छ विधानसभा क्षेत्र के लिए कांग्रेस के पास सज्जन वर्मा के अलावा कोई दूसरा चेहरा नहीं है और क्षेत्र की जनता सज्जन वर्मा को तब ही तरजीह देती है, जब भाजपा उसके सामने कोई योग्य विकल्प नहीं रख पाती हैं। सोनकच्छ विधायक सज्जन वर्मा का अहंकारी व्यवहार, स्तरहीन भाषा शैली, बोनो के बीच खुद को बड़ा समझने की आत्ममुग्धता, उनकी सबसे बड़ी समस्या है, कमजोरी है और यही समस्या एवं कमजोरी सज्जन वर्मा की राजनीति को अपराजेय नहीं रहने देती।
आज भी सोनकच्छ विधानसभा क्षेत्र के लिए भाजपा के पास कोई योग्य एवं मजबूत चेहरा नहीं है और कांग्रेस नेता सज्जन वर्मा क्षेत्र की जनता के लिए मजबूरी बने हुए हैं, ऐसे में सोनकच्छ विधानसभा क्षेत्र की जनता तीसरे विकल्प की ओर आकर्षित हो जाए तो कोई आश्चर्य नहीं होना चाहिए। वैसे भी प्रदेशभर में जनता के बीच कांग्रेस भाजपा को एक ही थैली के चट्टे बट्टे जैसी उपाधि से नवाजा जाने लगा है, ऐसे में तीसरी राजनीतिक शक्ति की ओर जनता का आकर्षित हो जाना स्वाभाविक है और यह माहौल धीरे धीरे सारे प्रदेश में बनता नजर आने लगा है। कांग्रेस भाजपा के असंतुष्ट नेता कब धैर्य का दामन छोड़कर तीसरी राजनीतिक शक्ति को लाभान्वित कर दे, कोई भरोसा नहीं और तीसरी राजनीतिक शक्ति के रूप में फिलहाल आम आदमी पार्टी तेजी से जनता के बीच पसरती जा रही है। जहां तक सोनकच्छ विधानसभा क्षेत्र की बात है तो यहां जनता के बीच निकिता सूर्यवंशी का नाम सुनाई देने लगा है, जो आम आदमी पार्टी महिला विंग की जिलाध्यक्ष है और देवास विधानसभा क्षेत्र की प्रभारी है। चुनाव में सात आठ महीने की देरी है और इन सात आठ महीने के अंदर आम आदमी पार्टी की निकिता सूर्यवंशी ने किसी योग्य मार्गदर्शक के संरक्षण में सोशल मीडिया की राह पकड़ ली, क्षेत्र की जनता के बीच सही तरीके से उपस्थित हो गई तो परिणाम बदल सकती हैं। फिलहाल सोनकच्छ विधानसभा क्षेत्र में निकिता ने चहलकदमी प्रारंभ कर दी है, जिससे क्षेत्र में आम आदमी पार्टी की हलचल नजर आने लगी है। विधानसभा चुनाव में निकिता सूर्यवंशी सोनकच्छ विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी की उपस्थिति दर्ज कराने के लिए कटिबद्ध नजर आती हैं, गंभीरता पूर्वक सक्रिय नजर आती हैं। ************
