back to top
Friday, April 17, 2026
HomeAll Newsनवागत एसपी संपत उपाध्याय का मां चामुण्डा की नगरी में स्वागत, उम्मीद...

नवागत एसपी संपत उपाध्याय का मां चामुण्डा की नगरी में स्वागत, उम्मीद है वे नाम के नहीं, काम के एसपी साबित होंगे तथा देवास में सेवा एवं कर्तव्य का नया अध्याय लिखेंगे?

पंडित प्रदीप मोदी (साहित्यकार/स्वतंत्र पत्रकार)9009597101

मां चामुण्डा की नगरी देवास से जाने वाले एसपी शिवदयाल सिंह सिर्फ नाम के एसपी थे, बाकी उनके कार्यकाल में जिले को डीएसपी (ट्राफिक) किरण शर्मा ने चलाया है, उम्मीद है,एसपी संपत उपाध्याय काम के एसपी साबित होंगे, नवागत एसपी का मां चामुण्डा की नगरी देवास में स्वागत है। पूर्व कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला तथा जाने वाले एसपी शिवदयाल सिंह ने जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का कबाड़ा करके रख दिया था, दोनों अधिकारी नेता विशेष के लिए तैनात रहे, जनता के लिए नहीं। जिला प्रशासन को सुधारने का काम कलेक्टर ऋषभ गुप्ता कर रहे हैं, क्योंकि चंद्रमौली शुक्ला, ऋषभ गुप्ता को बिगड़ा हुआ प्रशासनिक बाड़ा सौंप कर गए थे और यही हाल पुलिस प्रशासन का भी है। शिवदयाल सिंह भी नवागत एसपी संपत उपाध्याय को बिगड़ा हुआ बाड़ा ही सौंप कर जा रहे हैं। एसपी शिवदयाल सिंह ने कभी इमानदारी से कर्तव्य का निर्वाह नहीं किया, वे हमेशा डीएसपी किरण शर्मा के विवेक से चलते रहे और किरण शर्मा नेताओं के हिसाब से चलते रहे, इसमें देवास का पुलिस प्रशासन नैतिक रूप से तबाह हो गया। डीएसपी शर्मा लंबे समय से देवास में बने हुए हैं और सत्तारूढ़ पार्टी के नेताओं की चौखट पर हाजिरी देने के आदी हैं। पहले किरण शर्मा देवास ट्राफिक के टीआई रहे,अब डीएसपी ट्राफिक है, लेकिन इन्होंने ट्राफिक व्यवस्था से कभी वास्ता नहीं रखा। नेताओं से नजदीकी ने डीएसपी किरण शर्मा को अघोषित एसपी बना दिया था और एसपी शिवदयाल ने भी मन मारकर उन्हें अपना अधिकारी मान लिया था। डीएसपी किरण शर्मा ने इसका फायदा उठाकर अपनी बेच के ज्यादातर पुलिस अधिकारियों को देवास में तैनात करा लिया, जिससे सारा पुलिस विभाग नेताओं के लाड़ले किरण शर्मा की गणेश परिक्रमा करने लगा था। शिवदयाल के कार्यकाल में थानों पर तैनाती से लगाकर सैटिंग तक,सब किरण शर्मा के हाथ में रहा,कुल मिलाकर कहा जाए तो एसपी शिवदयाल सिंह डीएसपी किरण शर्मा की बैसाखियों पर टिके एसपी थे। देवास की जनता ने देखा किरण शर्मा के मार्गदर्शन में शिवदयाल सिंह सिर्फ और सिर्फ नेताओं के लिए ही सुविधाजनक बनकर रहे,आम जनता के लिए नहीं, नवागत एसपी से जनता उम्मीद करती हैं कि वे समानुपात में नेता और जनता के लिए सुविधाजनक रहेंगे। जाने वाले एसपी शिवदयाल सिंह के कार्यकाल में जघन्यतम अपराध हुए, तमाम तरह की अवैध गतिविधियां संचालित होती रही,वह भी खुले तौर पर बेशर्मी के साथ। नेताओं के संरक्षण में पलने वाले गुंडे-मवालियों ने अवैध धंधे चलाए, अपराध किए, लेकिन पुलिस इन पर नियंत्रण नहीं कर पाई, क्योंकि जाने वाले एसपी शिवदयाल सिंह ने अपनी तमाम जिम्मेदारियों का निर्वहन नेताओं के हिसाब से किया,अब जनता चाहती है नवागत एसपी, देवास में नेताओं के हिसाब से नहीं, कानून के हिसाब से जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, इसके लिए जरूरी है एसपी स्वविवेक से काम करें, डीएसपी किरण शर्मा जैसे अधिकारी के विवेक से नहीं। शिवदयाल सिंह के कार्यकाल में वैसे तो अनेक अपराध घटित हुए, लेकिन इसमें सबसे लोमहर्षक अपराध जिला चिकित्सालय से नवजात बच्ची का चोरी हो जाना रहा,जिसे पुलिस नहीं ढूंढ पाई। बच्ची चोरी की घटना को आगामी 22 अप्रैल को पूरा एक साल हो जाएगा, लेकिन देवास पुलिस ने इसे चुनौती के रूप में नहीं लिया, शायद एक गरीब मां की बच्ची चोरी हुई थी इसलिए? ऐसा ही एक मामला हनीट्रेप का रहा, जिसमें शहर के एक प्रतिभावान डाक्टर को षड़यंत्र पूर्वक ठग लिया, लेकिन हनीट्रेप के शिकार डाक्टर को पुलिस न्याय नहीं दिला पाई, षड़यंत्र रचने वाले झोलाछाप डाक्टर आज भी खुले घूम रहे हैं और कोतवाली पुलिस जांच के नाम पर सिर्फ ढोंग कर रही हैं, इस घटनाक्रम को भी लगभग नौ महीने हो गए। ऐसे बहुत से मामले हैं,जिनमें कोताही बरती गई है, धीरे-धीरे सभी मामले नवागत एसपी के नालेज में लाने की कोशिश की जाएगी, बशर्ते नवागत एसपी जनता को कानून हित में काम करते नजर आए। अभी तक देखने में यह आया है कि देवास जिले के पुलिस थानों पर कानून को मैनेज किया जाता रहा है, कानून का पालन नहीं , नवागत एसपी से जनता उम्मीद करती हैं कि थानों पर कानून का पालन कराया जाए, कानून को मैनेज नहीं किया जाए। इन परिस्थितियों का खामियाजा सबसे ज्यादा पुलिस विभाग के छोटे कर्मचारियों को भुगतना पड़ा है, कुछ समय पहले ही नेता के एक पट्ठे ने पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की, लेकिन मारपीट करने वाले छुटभैय्ए का बाल बांका नहीं हुआ, इससे पुलिसकर्मियों का मनोबल गिरा है। उम्मीद है नवागत पुलिस अधीक्षक पुलिसकर्मियों का मनोबल नहीं गिरने देंगे, नेताओं की गर्मी पाकर पुलिसकर्मियों से बदसलूकी करने वाले छुटभैयों को सबक सिखाएंगे। वैसे जनता जानती है कि नवागत एसपी संपत उपाध्याय को जाने वाले एसपी शिवदयाल सिंह, विरासत में नैतिक रूप से तबाह पुलिस विभाग सौंप कर जा रहें हैं, बावजूद जनता को उम्मीद है कि नवागत एसपी उपाध्याय पुलिस विभाग में नैतिकता की पुनर्स्थापना करेंगे तथा सेवा एवं कर्तव्य का नया अध्याय लिखेंगे। पुनः देवास में एसपी संपत उपाध्याय का स्वागत है अभिनंदन हैं।

*******************

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments