पंडित प्रदीप मोदी _(साहित्यकार/स्वतंत्र पत्रकार)_ 9009597101

पिछले दिनों खातेगांव कन्नौद विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाली धार्मिक नगरी नेमावर के वार्ड क्रमांक 2 में मुख्यमंत्री अधोसंरचना के तहत बनने वाले एक किलोमीटर सीसी रोड को लेकर स्थानीय मीडिया में बहुत कुछ कहा गया, लिखा गया, इसकी गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े किए गए। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर खातेगांव कन्नौद विधानसभा क्षेत्र में चहलकदमी करने वाले पूर्व मंत्री दीपक जोशी को भी क्षेत्र की जनता ने सीसी रोड निर्माण में हो रहे भ्रष्टाचार से अवगत कराया। दीपक जोशी को अवगत कराते हुए रहवासियों के बीच वार्ड क्रमांक 1 के पार्षद संतोष सोनिया और एक अन्य मुकेश जोशी ने सीसी रोड को लेकर कहा कि करोड़ों की लागत से बनने वाले सीसी रोड की स्थिति आगे पाठ, पीछे सपाट वाली हो रही हैं, इस पर दीपक जोशी ने आश्वासन दिया कि

आप इस निर्माण कार्य की डीपीआर निकलवाईये, मैं इसकी जांच कराऊंगा। सवाल खड़ा होता है कि हाटपीपल्या निवासी पूर्व मंत्री दीपक जोशी को रहवासी अपनी समस्या, अपनी परेशानी से अवगत करा रहे हैं तो खातेगांव कन्नौद विधायक आशीष शर्मा क्या कर रहें हैं? क्या आशीष शर्मा के प्रति जनता का विश्वास नहीं रहा? क्या आशीष शर्मा जन विश्वास खो चुके हैं? क्या आशीष शर्मा क्षेत्रीय जनता की समस्या और परेशानी नहीं सुनते हैं, उनका समाधान नहीं करते हैं? फिर क्या कारण है, जनता द्वारा क्षेत्रीय विधायक आशीष शर्मा को नजर अंदाज कर हाटपीपल्या के दीपक जोशी को सीसी रोड के घटिया निर्माण से अवगत कराने का? ऐसा लगता है खातेगांव कन्नौद विधायक आशीष शर्मा की राजनीति मुट्ठीभर भ्रष्ट चाटुकारों से घिरकर दम तोड़ चुकी है, अन्यथा नेमावर में वार्ड नंबर दो के रहवासी घटिया सीसी रोड निर्माण की शिकायत अपने विधायक आशीष शर्मा से करते? गुणवत्ताहीन निर्माण का अवलोकन विधायक आशीष शर्मा को कराते?

सीसी रोड का निर्माण गुजरात की लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन कंपनी कर रही है और रोड की हालत वाकई आगे पाठ पीछे सपाट वाली हो रही हैं, ना निर्माण पूर्ण हुआ, ना लोकार्पण हुआ तो बने हुए रोड को उखाड़कर वापस थेगले लगाने की आवश्यकता क्यों पड़ी? इसका मतलब लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन कंपनी गुणवत्तापूर्ण काम नहीं कर रही हैं। लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन कंपनी एक तो काम ढंग से नहीं कर रही हैं और कंपनी के सुपरवाइजर चोरी ऊपर से सीनाजोरी की तर्ज पर इन धांधलियों को कवरेज करने वाले पत्रकार से बद्तमीजी कर रहे हैं। हाल ही में खुले पड़े सरियों से एक महिला घायल हो गई, जिसे खातेगांव चिकित्सालय में भेजा गया। कहने का आशय हर तरफ लापरवाही का आलम है और जिम्मेदारों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही हैं। लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन कंपनी ढंग से काम नहीं कर रही और जनप्रतिनिधि एवं अफसर कंपनी को कुछ कहने को तैयार नहीं, इसका क्या अर्थ लगाया जाए? क्या क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं अफसर, लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन कंपनी के पालतू होकर,आम जनता के लिए फालतू हो गए हैं? हाल ही में इस बनने वाले सीसी रोड को लेकर मीडिया सोशल मीडिया में बहुत चर्चा हुई है, क्षेत्र के पत्रकारों ने जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्य का निर्वाह किया है, लेकिन जनप्रतिनिधि लापरवाह बने हुए हैं और इससे क्षेत्रीय जनता में रोष है। विधायक के लिए तो यही शर्म की बात होनी चाहिए कि नेमावर में वार्ड क्रमांक 2 की जनता विधायक पर विश्वास नहीं कर रही हैं और हाटपीपल्या में रहनेवाले दीपक जोशी को सीसी रोड निर्माण में हो रही धांधली को बता रही हैं। *************
