✍️पंडित प्रदीप मोदी (साहित्यकार/स्वतंत्र पत्रकार) 9009597101
आदिवासी बहुल धार जिले में कुक्षी तहसील की ग्राम पंचायत लोहारी भ्रष्टाचार का अखाड़ा बना दी गई, लेकिन धार जिले का एक भाजपा नेता लोहारी में हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलने को तैयार नहीं हैं,ऐसा लगता है भ्रष्टाचार का पैसा सभी ने मिलकर खाया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हाथ उठा-उठाकर कह रहे हैं “ना खाऊंगा, ना खाने दूंगा”। ग्राम पंचायत लोहारी में हुए भ्रष्टाचार के कारण जनता के बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी.डी.शर्मा लाचार नजर आ रहे हैं, क्योंकि धार जिला प्रशासन के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को तथा मौन साधकर बैठे धार जिले के भाजपा नेताओं ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को लाचार बना दिया है। भ्रष्टों के आगे लाचार सत्ता प्रमुख और संगठन प्रमुख, एक बार फिर जनता से जनादेश मांगने की तैयारी कर रहे हैं,यह शर्म की बात है या गर्व की? मुख्यमंत्री शिवराज एवं भाजपा अध्यक्ष वी.डी.शर्मा पहले इस पर विचार करें, उसके बाद पुनः जनादेश मांगने की तैयारी करें और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी ध्यान दे कि जमीन पर उन्हीं की पार्टी के नेता, उनके द्वारा कही गई बातों का मान नहीं रख पा रहे हैं, वे जनता के पैसे को खा भी रहे हैं और खिला भी रहे हैं। ग्राम पंचायत लोहारी निसरपुर विकास खण्ड अंतर्गत आती हैं और इस विकास खण्ड में जनपद सीईओ माधवाचार्य हैं, जनपद सीईओ माधवाचार्य की छवि झूठे, मक्कार और भ्रष्ट अधिकारी की बन चुकी है, जो सीएम हेल्पलाइन पर झूठी जानकारी देकर मुख्यमंत्री शिवराज का भी मुंह चिढ़ाने से बाज नहीं आता। उल्लेखनीय है, जब एक आम आदमी सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत करता है तो वह मान लेता है कि उसने सीधे प्रदेश के मुख्यमंत्री को शिकायत कर दी है और उसी हेल्पलाइन पर कोई अधिकारी झूठी जानकारी देकर अपने पाप छुपाने की कोशिश करता है तो आम आदमी को यही लगता है कि ये तो मुख्यमंत्री को भी कुछ नहीं समझ रहा है, क्षेत्र में यही हाल है जनपद सीईओ माधवाचार्य के, मुख्यमंत्री और उनकी हेल्पलाइन के। यह सब क्षेत्र के भाजपा नेता जानते हैं, ग्राम पंचायत लोहारी में हुए भ्रष्टाचार के बारे में जानते हैं, लेकिन बोलने को तैयार नहीं, जिससे आम जनता के बीच धार जिले के भाजपा नेता भ्रष्टाचार के यार घोषित हो रहे हैं। कहने को भ्रष्टाचार का अखाड़ा बना दी गई ग्राम पंचायत लोहारी, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष डाक्टर राज बरफा का गृह ग्राम है, कुक्षी में ओजस्वी वक्ता, विद्वान भाजपा नेता भूतपूर्व जिलाध्यक्ष रमेश धाड़ीवाल निवास करते हैं, पूर्व केबिनेट मंत्री रंजना बघेल कुक्षी की है, इनके पति भाजपा नेता मुकाम सिंह किराड़े कुक्षी में है और भी कईं छोटे-मोटे चिरकुट नेता हैं, जो भाजपा के झण्डे उठाते हैं और सोशल मीडिया पर मोदी शिवराज के गुण गाते है, लेकिन एक भी लोहारी ग्राम पंचायत में हुए भ्रष्टाचार पर मुंह खोलने को तैयार नहीं हैं, भ्रष्ट अफसरों से सवाल जवाब करने को तैयार नहीं हैं। धार जिले के भाजपा नेताओं के मौन से जनता के बीच भाजपा की छवि धूल धूसरित हो रही हैं। ग्राम पंचायत लोहारी में एक से अधिक बार बिना विकास कार्य किए राशि निकाल कर डकार ली गई और सारी भाजपा जन-धन की लूट करने वाले भ्रष्टों को बचाती हुई नजर आ रही हैं। वैसे तो इस ग्राम पंचायत में कईं मामले हैं, जिनमें जनपद सीईओ माधवाचार्य ने झूठी जानकारी देकर मु्ख्यमंत्री और जनता को बरगलाने की कोशिश की है, लेकिन आज यहां एक मामले का उल्लेख किया जा रहा है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत क्रमांक 21740883 दिनांक 11/04/2023 शिकायत का विवरण, ग्राम पंचायत लोहारी विकास खण्ड निसरपुर द्वारा वर्ष 2017 में नाली निर्माण निंबोल फाटा से पुलिया तक कुल लागत 3,50,000 (तीन लाख पचास हजार रुपए) स्वीकृत हुआ था, लेकिन तत्कालीन सरपंच सचिव ने जनपद सीईओ माधवाचार्य की सरपरस्ती में बिना काम किए निकाल लिए, उचित जांच कर सरपंच सचिव के खिलाफ कार्रवाई की जाए,निकाली गई राशि वसूल की जाए। इस शिकायत पर लेवल वन अधिकारी जनपद सीईओ माधवाचार्य मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर 26 मई 2023 को जवाब देते हैं कि प्रतिवेदन अनुसार शिकायतकर्ता की शिकायत का परीक्षण किया गया, प्रतिवेदन अनुसार वर्ष 2017-18 में जनभागीदारी मद से नाली निर्माण निंबोल फाटे से पुलिया तक स्वीकृत किया गया था,जिसकी तकनीकी स्वीकृति क्रमांक 20 दिनांक 18/08/2017 एवं प्रशासकीय स्वीकृति क्रमांक 2355 दिनांक 25/09/2017 स्वीकृत राशि 3.50 लाख है,मुल्यांकन अनुसार राशि रूपए 2,99,500 का व्यय माप पुस्तिका क्रमांक 0887 के पृष्ठ क्रमांक 21 पर दर्ज है एवं उक्त नाली निर्माण कार्य पूर्ण होकर पूर्णता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है, यह जवाब देने के बाद 26 मई 2023 को ही शिकायतकर्ता को बिना बताए शिकायत बंद कर दी गई। शिकायतकर्ता ने इसी शिकायत को बिना किसी प्रकार का कोई बदलाव किए 30/05/2023 को पुनः मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर अपलोड कर दी, जिसका शिकायत क्रमांक 22442988 है। उसी शिकायत का लेवल वन अधिकारी जनपद सीईओ माधवाचार्य 12 जून 2023 को अलग जवाब देते हैं और लगभग स्वीकार करते हैं कि शिकायतकर्ता की शिकायत का परीक्षण किया गया वर्ष 2017-18 में निंबोल फाटे से पुलिया हाइवे रोड तक कोई भी नाली निर्माण कार्य स्वीकृत नहीं हुआ है और ना ही किसी प्रकार की राशि व्यय की गई है, शिकायतकर्ता को अवगत करा दिया गया है, शिकायत विलोपन योग्य हैं। जनपद सीईओ माधवाचार्य कैसे अधिकारी हैं 26 मई को क्या जवाब देते हैं और 12 जून को क्या जवाब देते हैं? उनके कौन से जवाब को सही माना जाए? ऐसे झूठे अधिकारी के पास जिले की तीन-तीन जनपद का प्रभार हैं, समझा जा सकता है इस मक्कार अधिकारी ने अपने प्रभार की जनपदों में आने वाली ग्राम पंचायतों की क्या हालत कर रखी होगी? माधवाचार्य के ऐसे-ऐसे कारनामों पर भी मौन धारण कर बैठे धार जिले के भाजपा नेता, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का सम्मान नहीं बढ़ा रहे हैं, अपितु उनकी छवि पर कालिख पोतने का काम कर रहे हैं, यदि धार भाजपा के नेता जनता के प्रति, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति, अपनी पार्टी भाजपा के प्रति इमानदार है तो उन्होंने ग्राम पंचायत लोहारी में हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ मुखर होना चाहिए, अपना मुंह खोलना चाहिए।
