✍️ सरदार पाटीदार, सरदारपुर
सरदारपुर। अयोध्या में भगवान श्रीराम प्राण-प्रतिष्ठा की खुशियों में सोमवार को सरदारपुर नगर राममय, भगवामय हो गया था। हिन्दू उत्सव समिति द्वारा पूर्ण नगर को केसरिया पताकाएं से पाट दिया गया था। श्रीराम भक्त लोगों द्वारा घर-घर दुकानों भवनों पर आकर्षक विद्युत साज-सज्जा की गई। श्रीराम की खुशी में हिन्दू उत्सव समिति द्वारा सोमवार रात 7,30 बजे गोपाल कालोनी, गवलीपुरा बस्ती, श्रीराम मंदिर से डीजे, ढोल ताशों के साथ श्रीरामजी की भव्य शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से निकाली गई। जो नगर में ऐतिहासिक पहली यात्रा मानी जा रही है। यात्रा मे सुसज्जित बग्घी में श्रीराम, सीता, लक्ष्मण, दुसरी बग्घी में श्री दादा दयालु हनुमान की विराजित तस्वीर, तीसरी बग्घी में श्रीराम सीता को रिझाने वाली उज्जैन नृत्य टीम, लव-कुश चलित झांकी को दर्शाया गया था। शोभायात्रा के आगे-आगे श्रीराम की वानर सेना उछल-कूद धूम मचाते हुए साथ में बाहुबली हनुमान चल रहे थे। तो वहीं भजन गायक शशांक तिवारी कुंदनपुर के भजनों पर भक्तजन झूमते नृत्य करते हुए रास्ते भर यात्रा मार्ग पर चलते रहे। युवा बच्चे श्रीराम केसरिया ध्वज लहराते, जय श्रीराम के जयकारे लगाते चलते रहे। युवती व महिलाएं ढोल ताशे पर नृत्य करते हुए श्रीराम के प्रति भाव-विभोर हो रही थी। तो वहीं उज्जैन का लोकप्रिय कडाकुट धमाका तोप, मोटू-पतलू, लव-कुश की चलित झांकी, खाटू श्याम दरबार शोभायात्रा का आकर्षण रहा। यात्रा का स्वागत मेन बाजार में मुस्लिम समाज, बस स्टैंड पर देशप्रेमी मित्र मंडल, नगर परिषद सरदारपुर एवं विभिन्न धार्मिक संगठन द्वारा मंच लगाकर स्वागत किया गया। यात्रा मार्ग फुलों से पट गया था। यात्रा के दौरान नगर के चौराहे व मन्दिरों में श्रीराम भक्तों द्वारा हनुमान चालीसा पाठ किया गया। तो वहीं जमकर आतिशबाजी की गई। यात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए नेशनल हाईवे इन्दौर अहमदाबाद मार्ग पर स्थित दादा दयालु खेड़ापति हनुमान मंदिर पर रात 11 बजे पहुंचकर महाआरती व प्रसादी के साथ शोभायात्रा का समापन किया गया। नेशनल हाईवे मार्ग पर स्थित मारु समाज श्रीराम मंदिर में यज्ञ-हवन व भंडारा का आयोजन किया गया जिसमें सभी समाजजनों द्वारा महाप्रसादी ली गई। भंडारा सुबह 12 से शुरू किया जो शाम 6 बजे तक चलता रहा। उधर गोपाल कालोनी गवलीपुरा बस्ती श्रीराम मंदिर में भी भंडारे का आयोजन किया गया।
———————————-
बेबाक आजाद न्यूज, चीफ एडिटर आजाद अग्निहोत्री, 9993756976
